वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने कहा कि मई पाकिस्तान के साथ हुए भीषण संघर्ष के दौरान भारत ने उसके एफ-16 और जेएफ-17 श्रेणी के पांच लड़ाकू विमानों को मार गिराया था। साथ ही उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के भारतीय विमानों को गिराने का दावा मनोहर कहानियां जैसा है। यदि उनके पास कोई सबूत है तो दिखाएं। ऐसे दावे सिर्फ अपनी इज्जत बचाने और जनता को गुमराह करने के लिए किए जाते हैं।
वायुसेना प्रमुख ने शुक्रवार को 93वें वायुसेना दिवस समारोह के बारे में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि अगर वे सोचते हैं कि उन्होंने हमारे 15 जेट विमानों को मार गिराया है तो उन्हें यह सोचने दें। मुझे उम्मीद है कि वे इस बात को मान लेंगे और जब वे दोबारा जंग के लिए आएंगे तो वे इस बात का ध्यान रखेंगे कि हमारे पास 15 कम विमान हैं। उन्होंने कहा कि मैं इस बारे में बात क्यों करूं? आज भी मैं यह नहीं बताऊंगा कि क्या हुआ, कितना नुकसान हुआ, कैसे हुआ, क्योंकि उन्हें खुद पता लगाने दीजिए। क्या आपने एक भी ऐसी तस्वीर देखी है जिसमें हमारे किसी एयरबेस पर कुछ गिरा हो, हमें कोई नुकसान हुआ हो, कोई हैंगर तबाह हुआ हो या ऐसा कुछ?
पाकिस्तान को पहुंचाया तगड़ा नुकसान
वायुसेना प्रमुख ने कहा कि जहां तक पाकिस्तान को हुए नुकसान का सवाल है तो हमने बड़ी संख्या में उनके एयरबसे और प्रतिष्ठानों पर हमला कर नुकसान पहुंचा। हमने पाकिस्तान के एफ-16 और जेएफ-17 जैसे पांच लड़ाकू विमानों को हवा में ही मार गिराया गया। एक लंबी दूरी के विमान को भी नष्ट कर दिया गया जो संभवतः अवाक्स (एयरबॉर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल) या सिग्नल इंटेलिजेंस विमान था। इसके अलावा हैंगर में खड़े 4 से 5 एफ-16 समेत कुल 9 से 10 लड़ाकू विमान नष्ट किए।
पाकिस्तान की मनोहर कहानियां
वायुसेना प्रमुख ने कहा कि हमने उनके ध्वस्त ठिकानों की तो बहुत सारी तस्वीरें दिखाईं लेकिन वे हमें एक भी तस्वीर नहीं दिखा पाए। ये उनकी मनोहर कहानियां हैं। उन्हें खुश रहने दीजिए। आखिरकार, उन्हें अपनी इज्जत बचाने के लिए अपने लोगों को कुछ तो दिखाना ही है। मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। पाकिस्तान ने बार-बार यह दावा किया है कि भारत के शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर के जवाब में उसने कई भारतीय लड़ाकू विमानों को मार गिराया था। IAF प्रमुख ने यह भी कहा कि एडवांस मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) की पहली उड़ान 2028 के आसपास होने और 2035 तक वायु सेना में शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि यह समयसीमा हासिल की जा सकती है।