केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने वाहन चलाने वालों को बड़ी राहत दी है। हाईवे पर थोड़ी थोड़ी दूरी पर टोल से पैसे का नुकसान तो होता ही है साथ ही समय की भी खासा बर्बादी होती है। ऐसे में नितिन गडकरी ने हाईवे पर चलने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर दी है। उन्होंने लोकसभा में अपने संबोधन में बताया कि 3 महीने के भीतर यह सुनिश्चित होगा कि 60 किलोमीटर के अंदर सिर्फ एक टोल नाका रखा जाए बाकी बंद हो। गडकरी आगे कहते हैं कि उन्हें और उनके मंत्रालय को पैसे भले कम मिले लेकिन लोगों को तकलीफ नहीं होनी चाहिए। निश्चित ही यह फैसला आम लोगों के लिए राहत की खबर है। अक्सर बड़े हाईवेज पर सफर करने के दौरान थोड़ी थोड़ी दूरी पर कई टोल होते हैं जिसको लेकर लंबी कतारों में लोग खड़े नजर आते हैं। अब सड़क और परिवहन मंत्रालय के इस फैसले के साथ ही लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।