भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद सुशील कुमार मोदी ने बिहार की सरकार को लेकर एक बार फिर भविष्यवाणी की है। जहानाबाद के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुशील मोदी राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं, लेकिन हालात यह है कि ज्यादा दिन तक मुख्यमंत्री भी नहीं रह पाएंगे।
बता दें कि सुशील मोदी ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि अवध बिहारी चौधरी के सभाध्यक्ष बनने के बाद 45 विधायकों वाले जदयू की उलटी गिनती शुरू हो गई है। लालू प्रसाद यादव जब चाहेंगे, नीतीश कुमार को हटा कर बेटे को मुख्यमंत्री बनवा देंगे। उन्होंने कहा कि जिस दल को 115 विधायकों का समर्थन प्राप्त है और सभाध्यक्ष भी उसी दल का है, वह कभी भी बाजी पलट सकता है। पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी एक मजबूत प्रधानमंत्री हैं। उनके विरुद्ध कोई भी गठबंधन नहीं टिक पाएगा। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश का हवाला देते हुए कहा कि अखिलेश यादव और मायावती के साथ साथ कांग्रेस एकजुट हुई थी, फिर भी भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला था। खाद्यान्न पदार्थ पर लागू किए गए जीएसटी के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार का एक मात्र निर्णय नहीं है, बल्कि देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्री की इच्छा से ही लागू किया गया है।