जम्मू-कश्मीर के रियासी में एनएच-144ए के पास जंगल में भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गई। आपको बता दें कि आग कई दिनों से लगी हुई है, लेकिन अब चिंता इसलिए बढ़ गई है कि आग कहीं विकराल रूप न ले ले। आसपास के गांवों में आग लगातार फैल रही है। आग से नेशनल हाईवे और उसके आसपास बने इलाकों में भी खतरे की घंटियां बजने लगीं हैं। आग की जद में सैकड़ों हेक्टेयर जंगल का इलाका आ गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने आग पर काबू पाने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। विभाग की कोशिश है कि सबसे पहले आग को फैलने से रोका जाए और फिर उसे नियंत्रित कर बुझाया जाए। आग फैलती जा रही है और एक बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं के कारण इलाके में विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई।
आपको बता दें कि इससे पहले जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के गुसू गांव में भी शुक्रवार को अचानक आग लगने की घटना सामने आई थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने के काम पर जुट गईं हैं। आग के कारणों का पता नहीं चल पाया और किसी तरह की जानमाल की हानि की पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद है। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है, और राहत कार्य प्राथमिकता पर चलाया जा रहा है। इससे पहले 9 जून को भी जम्मू कश्मीर के उधमपुर में स्थित कलदी वन क्षेत्र में आग लग गई थी। जिसके बाद से ही लगातार आग को बुझाने का प्रयास किया गया। लगभग 6 घंटे की मशक्कत के बाद कलदी वन में लगी आग पर काबू पाया गया था।