हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय महिला टीम ने वर्षों का इंतजार खत्म करते हुए जैसे ही वनडे विश्व कप का खिताब जीता तो प्रशंसकों के साथ ही पूर्व खिलाड़ियों की आंखें भी खुशी से भर आईं। भारत ने रविवार को फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराया और पहली बार विश्व विजेता बनने का गौरव हासिल किया। भारत की इस ऐतिहासिक जीत से जहां हरमनप्रीत की टीम भावुक हुई, वहीं झूलन गोस्वामी, मिताली राज और अंजुम चोपड़ा जैसे पूर्व खिलाड़ी भी अपनी भावनाओं को काबू नहीं रख सके। भारतीय महिला टीम की दिग्गज खिलाड़ी झूलन, मिताली और अंजुम अपने करियर में विश्व कप की ट्रॉफी उठाने से चूक गई थीं, लेकिन दो नवंबर 2025 को जब नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में इतिहास रचा गया तो ये तीनों ही खिलाड़ियों के लिए भी यह सपने पूरे होने जैसा था। फाइनल के बाद जब भारत को ट्रॉफी सौंपी गई तो खिलाड़ियों ने मैदान का लैप ऑफ ऑनर लगाया। इसी दौरान वे कमेंट्री कर रहीं तीन दिग्गजों झूलन, मिताली और अंजुम से मिलीं।
भारतीय खिलाड़ियों ने इस जीत के जश्न में इन तीनों दिग्गज खिलाड़ियों को शामिल किया और इन्हें ट्रॉफी थमाई। भारतीय महिला टीम की पूर्व दिग्गज खिलाड़ी मिताली राज की कप्तानी में भारत ने दो बार वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई थी। लेकिन एक बार इंग्लैंड ने और एक बार ऑस्ट्रेलिया ने उसका खिताब का सपना तोड़ दिया है। इसके बाद जब आज भारतीय महिला टीम ने खिताब जीता, तो वह बहुत ही भावुक नजर आईं। इसी वजह से जैसे ही भारतीय टीम की प्लेयर्स ने उन्हें महिला वर्ल्ड कप 2025 की ट्रॉफी सौंपी। मिताली ने तुरंत उसे गले से लगा लिया। जेमिमा रोड्रिगेज और हरलीन देओल सहित प्लेयर्स इस दौरान ताली बजाती हुई नजर आईं। अब सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो रहा है। मिताली ने एक्स पर एक भावुक पोस्ट भी लिखा " मैं दो दशकों से भी ज़्यादा समय से यह सपना देख रहा था कि भारतीय महिलाओं को विश्व कप ट्रॉफी उठाते हुए देखूँ।
आज रात, वह सपना आखिरकार साकार हो गया। 2005 के दिल टूटने से लेकर 2017 के संघर्ष तक, हर आँसू, हर बलिदान, हर युवा लड़की जिसने यह मानकर बल्ला उठाया कि हम यहीं के हैं, ये सब मिलकर इस पल तक पहुँचे। विश्व क्रिकेट की नई चैंपियनों, आपने सिर्फ़ एक ट्रॉफी ही नहीं जीती, बल्कि आपने भारतीय महिला क्रिकेट के लिए धड़कते हर दिल को जीत लिया। जय हिंद । वहीं हरमनप्रीत ने जैसे ही झूलन को ट्रॉफी दी, चाकदा एक्सप्रेस के नाम से मशहूर ये दिग्गज गेंदबाज अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सकीं। झूलन ट्रॉफी उठाते ही रो पड़ीं और उनकी आंखों से आंसू टपकने लगे। इस दौरान हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना ने झूलन गोस्वामी से कहा कि पिछली बार आपके लिए हम वर्ल्ड कप नहीं जीत पाए, इसके लिए माफी मांगती हूं. इस दौरान सभी खिलाड़ी काफी इमोशनल नजर आईं. झूलन गोस्वामी ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं जाहिर की हैझूलन ने बाद में एक्स पर पोस्ट कर कहा कि विश्व कप जीतना उनका सपना था और इस टीम ने इसे पूरा किया। झूलन ने एक्स पर लिखा, ये मेरा सपना था और आप खिलाड़ियों ने इसे पूरा किया। शेफाली ने दो बड़े विकेट लिए, दीप्ति शर्मा ने भी शानदार प्रदर्शन किया। कप हमारे घर आया।