आईडीबीआई के पूर्व चेयरमैन योगेश अग्रवाल समेत 4 अधिकारियों को सीबीआई ने गिरफ़्तार किया है। इसके अलावा किंगफिशर के चार अधिकारी भी गिरफ्तार किए गए हैं। विजय माल्या लोन मामले में ये गिरफ़्तारी हुई है। इससे पहले सीबीआई के अधिकारियों का एक दल आज विजय माल्या की अगुवाई वाले यूबी ग्रुप के दफ्तर पहुंचा। हालांकि अधिकारी ने इससे ज्यादा कोई ब्योरा नहीं दिया। इस बीच, यूबी समूह के प्रवक्ता ने इस बात की पुष्टि की है कि सीबीआई अधिकारियों का दल उनके दफ्तर आया था। प्रवक्ता ने कहा कि हम उनके साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं।गौरतलब है कि विजय माल्या पर किंगफिशर मामले में बैंकों का 6,203 करोड़ रुपये का बकाया है। माल्या को एक अदालत ने भगोड़ा अपराधी घोषित किया है। माल्या दो मार्च को देश से बाहर चले गए थे। फिलहाल वो लंदन में हैं। कथित तौर पर बैंक ऋण का भुगतान नहीं करने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय की अपील पर उन्हें मनी लांड्रिंग जांच में मुंबई की एक अदालत ने भगोड़ा अपराधी घोषित किया है।