कोलकाता के एक प्रतिष्ठित लॉ कॉलेज में पहली वर्ष की छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह आरोपी कॉलेज का सुरक्षा गार्ड है, जिसे पूछताछ के बाद शनिवार सुबह गिरफ्तार किया गया। इस मामले में अब तक कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बता दें कि, ये वारदात 25 जून को कॉलेज परिसर में मौजूद गार्ड के रूम में हुई थी। पुलिस ने इस गंभीर मामले की जांच के लिए एक पांच सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है, जिसका नेतृत्व एक सहायक आयुक्त स्तर के अधिकारी करेंगे।
24 वर्षीय पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसे कॉलेज परिसर में दो सीनियर छात्र और एक पूर्व छात्र (एलुमनस) ने मिलकर गार्ड रूम में सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद पीड़िता की शिकायत के आधार पर पहले ही तीन मुख्य आरोपियों - मनोजित मिश्रा, प्रोमित मुखर्जी और जैद अहमद- को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब सुरक्षा गार्ड को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, जो घटना के समय मौके पर मौजूद था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गार्ड की बातों में विरोधाभास था और कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज में उसकी मौजूदगी साफ देखी जा सकती है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वह घटना के समय ड्यूटी पर अकेला था या किसी और के साथ।
पुलिस को शक है कि सामूहिक दुष्कर्म की यह घटना एक प्रेम प्रस्ताव को ठुकराए जाने के बाद अंजाम दी गई। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह सब पहले से योजना बनाकर किया गया था या नहीं। कॉलेज के तीन कमरों से जुटाए गए सबूत और करीब 7 घंटे का सीसीटीवी फुटेज पीड़िता के आरोपों की पुष्टि कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज में पीड़िता के लगाए आरोपों की पुष्टि होती है। 25 जून को दोपहर 3.30 बजे से रात 10.50 बजे तक सात घंटे से अधिक समय तक की फुटेज में कॉलेज परिसर के आसपास की हरकतें कैद हुई हैं।