देश की राजधानी दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम हुए धमाके ने पूरे देश को हिला दिया। इस विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़ाकर 12 हो गई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद दिल्ली पुलिस, एनआईए और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंच गईं और इलाके को सील कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज में संदिग्ध कार को पार्किंग एरिया में आते-जाते देखा गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक संदिग्ध कार में केवल एक व्यक्ति था। जांच दल दरियागंज की ओर जाने वाले रूट को ट्रेस कर रहे हैं और 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने यूएपीए, विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है।