दिल्ली-एनसीआर में शनिवार दिनभर धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। देर रात एनसीआर में बारिश हो रही है। अगर बारिश अधिक होती है तो लोग राहत महसूस कर सकते हैं अन्य धूप निकलने पर उमस फिर परेशानी का कारण बन सकती है। हालांकि देर से हो रही बारिश के कारण दिल्ली में कई जगह सड़कों पर पानी जमा हो गया है।
राजधानी में अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश हुई। इस कारण लोगों को उमस ने खूब परेशान किया। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 92 से 66 फीसदी रहा। वहीं, मौसम विभाग ने रविवार के लिए भी हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि 8 अगस्त तक दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।दूसरी तरफ मौसम की मेहरबानी से दिल्ली की वायु गुणवत्ता लगातार अच्छी बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक शनिवार को दिल्ली का एक्यूआइ 79 दर्ज किया गया। इसे संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है। एनसीआर के शहरों का एक्यूआइ भी कहीं संतोषजनक तो कहीं मध्यम श्रेणी में ही बना हुआ है। वर्षा के चलते हाल फिलहाल इसमें वृद्धि होने की संभावना भी नहीं लग रही।
आइएमडी ने अगले एक हफ्ते के दौरान पूर्वोत्तर एवं आसपास के क्षेत्रों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा जारी रहने का अनुमान जताया है। तीन एवं चार अगस्त को उत्तरी बंगाल, बिहार, सिक्किम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है।भारत मौसम विभाग (आइएमडी) का पूर्वानुमान है कि अगस्त और सितंबर महीने में भी अच्छी बारिश होगी। जून में सामान्य से नौ प्रतिशत और जुलाई में पांच प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। किंतु इस दौरान बिहार एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों को बारिश के लिए तरसना पड़ा है। हालांकि इस बीच गुजरात एवं राजस्थान में जरूरत से ज्यादा बारिश हुई है। इससे फसलों को नुकसान भी हुआ है।