दिल्ली समेत आस-पास के इलाकों में दमघोंटू हवा से परेशानी को कोहरे और ठंड ने और बढ़ा दिया है। मंगलवार सुबह की धुंध और कोहरा दिखाई दिया। वहीं, स्मॉग की मोटी चादर भी दिखाई दी। इस कारण कई इलाकों में दृश्यता भी बेहद कम रही। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। धुंध के चलते सड़क ही नहीं हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम फॉर दिल्ली के अनुसार, मंगलवार सुबह राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 381 दर्ज किया गया है। दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के अन्य शहरों की स्थिति भी बेहद खराब रही। ग्रेटर नोएडा की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित पाई गई, जहां AQI 447 दर्ज किया गया। गाजियाबाद में 444, नोएडा में 437 और गुरुग्राम में 345 AQI रहा। हालांकि फरीदाबाद ने थोड़ी राहत दी, जहां AQI 211 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। लेकिन विशेषज्ञों के मुताबिक, यह भी किसी तरह से सुरक्षित नहीं कहा जा सकता।
धुंध और स्मॉग के चलते सड़क ही नहीं हवाई यातायात भी प्रभावति हो रही है। दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन सुचारू रूप से चल रहे हैं। हालांकि, कुछ डिपार्चर और अराइवल अभी भी प्रभावित हो सकते हैं। सटीक और समय पर अपडेट के लिए सीधे अपनी एयरलाइन से संपर्क करें। हमारे कर्मचारी यात्रियों की मदद करने और जरूरी सहायता देने के लिए सभी टर्मिनलों पर मौजूद हैं।सोमवार को लगातार तीसरे दिन हवा गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। सुबह की शुरुआत धुंध और कोहरे से हुई। वहीं, पूरे दिन आसमान में स्मॉग की मोटी चादर भी दिखाई दी। इस कारण कई इलाकों में दृश्यता भी बेहद कम रही। ऐसे में जहरीली गैस से बचने के लिए लोगों ने एन95 मास्क का सहारा लेते नजर आए। इससे लोगों को आंख में जलन व सांस के मरीजों को परेशानी हुई। इस दौरान वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 427 दर्ज किया गया। यह हवा की गंभीर श्रेणी है। इसमें रविवार की तुलना में 34 सूचकांक की गिरावट दर्ज की गई।