छठ महापर्व को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गु्प्ता ने बड़ा एलान किया। सीएम रेखा गुप्ता ने सोमवार 27 अक्तूबर को दिल्ली में सरकार अवकाश की घोषणा की। सीएम रेखा ने जानकारी दी कि चार दिनों महापर्व के तीसरे दिन सोमवार को अवकाश रहेगा।
सीएम रेखा ने बताया कि चार दिन के इस पर्व के तीसरे दिन व्रत करने वाले लोग सूर्यास्त के समय नदी या तालाब के किनारे जाकर अस्तगामी सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं। यह छठ पूजा का सबसे महत्वपूर्ण दिन होता है। इस दिन सुबह से ही तैयारी शुरू हो जाती है और पूरा परिवार किसी ने किसी कार्य को पूरा करने में लगा रहता है। मुख्यमंत्री के अनुसार इसी तथ्य को ध्यान में सरकार ने सोमवार 27 अक्तूबर को सार्वजनिक अवकाश किया गया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि यमुना किनारे बनाए जा रहे मॉडल घाटों पर इस बार की छठ पूजा का दृश्य अभूतपूर्व, भव्य और दिव्य होगा। श्रद्धा और सुविधा के संगम से पूरी दिल्ली छठमय दिखाई देगी। यह पहली बार है जब दिल्ली में इतने व्यापक स्तर पर सरकार की ओर से छठ पर्व का आयोजन किया जा रहा है।
सीएम ने बताया कि मां यमुना की सफाई का कार्य आठ महीनों से युद्धस्तर पर जारी है। सरकार ने यमुना को स्वच्छ और अविरल बनाने का संकल्प लिया है और यह एक सतत प्रक्रिया है। इसे तब तक जारी रखा जाएगा जब तक मां यमुना पूर्ण रूप से स्वच्छ न हो जाए।
उन्होंने बताया कि यमुना की सफाई के अभियान में दिल्ली, हरियाणा व उत्तर प्रदेश सरकारों के साथ-साथ केंद्र का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से गृहमंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यमुना सफाई के लिए सभी स्तरों से मिल रहा सहयोग इस कार्य को और सशक्त बना रहा है।