कर्नाटक के कलबुर्गी में एक बार फिर धार्मिक पहचान को लेकर संवेदनशील मामला सामने आया है। NEET परीक्षा देने पहुंचे एक ब्राह्मण छात्र से कथित तौर पर उसका जनेऊ (पवित्र यज्ञोपवीत) उतरवाने की घटना ने विवाद को जन्म दे दिया है। इस घटना के बाद रविवार को सैकड़ों की संख्या में ब्राह्मण समुदाय के लोगों ने सेंट मैरी स्कूल परीक्षा केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। NEET की परीक्षा देने पहुंचे छात्र श्रीपद पाटिल के पिता सुधीर पाटिल ने बताया, “मेरा बेटा आधे घंटे पहले परीक्षा देने गया था। उसे अंदर जाकर कहा गया कि जनेऊ उतारकर बाहर छोड़ दो। मुझे अंदर जाने नहीं दिया गया। वो बाहर आया, जनेऊ मुझे पकड़ाया और फिर परीक्षा देने चला गया।”