JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा, "मैं NDA को मिले इतने बड़े जनादेश के लिए बिहार की जनता को धन्यवाद और बधाई देना चाहता हूं। इस जनादेश के साथ अगले 5 वर्षों के लिए हमारी जवाबदेही भी है.सरकार बनाने के लिए बातचीत चल रही है और जल्द ही सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी
बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को हालिया विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत मिलने के बाद, नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। यह लगभग तय है कि जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नीतीश कुमार ही एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह 20 नवंबर के आसपास पटना के गांधी मैदान में हो सकता है। सरकार गठन की औपचारिक प्रक्रिया सोमवार (17 नवंबर) से शुरू हो जाएगी, जिसमें वर्तमान कैबिनेट की आखिरी बैठक होगी, जिसके बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे और नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त करेंगे। इसके तुरंत बाद, NDA के घटक दल (BJP, JDU, LJP (रामविलास), HAM, RLM) अपने-अपने विधायक दल की बैठक करेंगे, जहां गठबंधन के नेता के रूप में नीतीश कुमार को चुना जाएगा। इसके पश्चात, वे राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। मंत्रिमंडल में विभागों के बंटवारे को लेकर भी सहमति बन चुकी है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) को विधायकों की संख्या के अनुपात में प्रमुख स्थान मिलेगा, जबकि चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), जीतनराम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM), और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (RLM) को भी प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना है। यह नई सरकार केंद्र और राज्य के बीच मजबूत समन्वय के साथ बिहार के विकास के लिए आगे बढ़ेगी। NDA की बिहार में प्रचंड जीत हुई है और जल्द ही NDA की सरकार बनेगी...जिस तरह बिहार की जनता ने यकीन के साथ वोट दिया है, हम उसपर खरा उतरेंगे। पूरी ताकत से बिहार के विकास में, बिहार में उद्योग लगे और रोजगार मिले, इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी ने जो वादा किया है, उसपर खरा उतरने की कोशिश की जाएगी