जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा से बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर अमर उजाला से खास बातचीत की। इस एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में संजय कुमार झा ने खुलासा किया कि इस बार टिकट की साझेदारी और बंटवारे में नीतीश कुमार की मुख्य भूमिका रहेगी, जो पिछली बार के चुनाव में नहीं थी। तभी चुनाव बिखर गया था और जदयू तीसरे नंबर पर आ गई थी।
आखिर फिर से एनडीए की सरकार क्यों बनेगी? नीतीश कुमार की तबीयत कैसी है? इस बार का चुनाव खास क्यों है? आगे निशांत कुमार की भूमिका क्या होगी? नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ना और सीएम फेस घोषित करने के बीच के अंतर पर संजय कुमार झा का क्या कहना रहा? देखिए अमर उजाला के सवालों पर संजय झा के जवाब…
इस बार चुनाव में सीधी टक्कर होगी या मुकाबला बिखरा हुआ रहेगा?
मुझे लगता है कि इस बार भी मुकाबला सीधा होगा। आज का मतदाता बहुत समझदार है, वो अपना वोट यूं ही बर्बाद नहीं करता। अब लोग या तो सरकार के पक्ष में वोट देते हैं या विपक्ष के साथ जाते हैं।
पिछली बार JDU तीसरे नंबर पर रह गई थी, इस बार क्या तैयारी है?
हां, ये सही है कि पिछले चुनाव में हम तीसरे नंबर पर रहे थे। इसके दो बड़े कारण थे। पहला, हमारे सहयोगी दल के कुछ उम्मीदवार कई सीटों पर खड़े हो गए थे, जिससे जनता में गलत संदेश गया और लोग कन्फ्यूज हो गए। जबकि हमने अच्छे से काम किया था। दूसरा, उस बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने टिकट बांटने में ज्यादा दिलचस्पी नहीं ली थी, ये शायद पहली बार हुआ। पिछली बार नीतीश जी ने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया था, लेकिन इस बार वो पूरी तरह सजग हैं। लोकसभा चुनाव में भी सीटों का बंटवारा बहुत सहज तरीके से हुआ था, लोगों को भनक भी नहीं लगी। इस बार भी ऐसा ही होगा। इस बार का चुनाव परिणाम 2010 से भी बेहतर होगा। जनता डबल इंजन सरकार के काम से संतुष्ट है और हमें पूरा भरोसा है कि NDA को मजबूत जनादेश मिलेगा। पूरा इंटरव्यू देखिए...