लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर 20 जुलाई को दिल्ली में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। राहुल ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग किया गया, आंसू गैस का इस्तेमाल हुआ और महिला छात्रों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने यह भी पूछा कि सादे कपड़ों में छात्रों की पिटाई करने वाले लोग कौन थे और उन्हें किसके आदेश पर तैनात किया गया।
वहीं अमित शाह ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कहा कि भाजपा के लिए पद से अधिक महत्वपूर्ण देश, युवा और विद्यार्थी हैं तथा मोदी सरकार युवाओं की भावनाओं का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। शाह ने धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल की सराहना करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति, मातृभाषाओं में परीक्षाएं, पीएम श्री विद्यालय, डिजिटल शिक्षा और कौशल विकास जैसे सुधारों का उल्लेख किया और कहा कि उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।