ईरान और इजरायल की जंग के बीच अमेरिका ने रविवार की सुबह ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों फोर्डो, नतांज और एस्फाहान पर हमला कर दिया. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इन्हें पूरी तरह से तबाह करने का दावा किया. वहीं इस हमले के बाद पाकिस्तान की जनता में रोष देखने को मिल रहा है, लोग सड़कों पर उतर आए और ट्रंप को जमकर सुनाते दिखे. ईरान पर हुए अमेरिकी हमलों का असर उसके पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में भी दिख रहा है.
जिस अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पाकिस्तान ने आधिकारिक तौर पर नोबेल शांति पुरस्कार देने के लिए नॉमिनेट किया था, उसने ही बिना देरी किए ईरान में तीन परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हवाई हमला कर दिया है.
आपको बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट कर बताया था कि अमेरिका ने ईरान के तीन ठिकानों पर हमला किया है. ट्रंप ने अमेरिकी सेना के इस हमले के बाद राष्ट्र के नाम संबोधन भी दिया था. इस संबोधन में उन्होंने कहा कि था कि ये हमला जरूरी था. हम चाहते हैं कि अब ईरान शांति के लिए आगे आए. साथ ही उन्होंने कहा कि अमेरिका ने आज वो करके दिखाया जो कोई दूसरा देश कभी सोच भी नहीं सकता था.