Ajit Pawar Death in Plane Crash: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार को गुरुवार को उनके गृहनगर बारामती में अंतिम विदाई दी गई। बुधवार को हुए एक दुखद विमान हादसे में उनके निधन के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर है। अजित पवार का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित समर्थकों और राजनीतिक नेताओं की भारी भीड़ ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। इस दौरान बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में भारी संख्या में समर्थक अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई देने पहुंचे। हर कोई अपने नेता के आखिरी दर्शन करना चाहता था।
अजित पवार के दोनों बेटों, पार्थ और जय ने अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान उनकी पत्नी और राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार अपने आंसू नहीं रोक पा रही थीं। जब उनके पार्थिव शरीर को राष्ट्रीय ध्वज में लिपटा हुआ उनके गांव काटेवाड़ी से विद्या प्रतिष्ठान मैदान लाया गया। जिस वक्त अजित पवार के शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा था उस वक्त वहां मौजूद हजारों लोगों ने "अजित दादा अमर रहें" के नारे लगाए, जिससे पूरा माहौल गमगीन हो गया।
खबरों के मुताबिक, अजित पवार के निधन की खबर जब टीवी पर फ्लैश हुई, तो उस वक्त उनकी मां आशाताई टीवी पर कुछ देख रही थीं। उसी समय उन्हें बेटे के प्लेन क्रैश की खबर मिली।