उपमंडल बंगाणा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंदली जिला ऊना हिमाचल प्रदेश में सत्र 2024-25 के लिए विद्यालय कैप्टन और वाइस कैप्टन के लिए चुनाव करवाए गए। चुनावों का संचालन प्रधानाचार्य देवेंद्र सिंह चौहान के निर्देशानुसार सुनील कुमार प्रवक्ता राजनीति विज्ञान की देखरेख में करवाए गए। चुनावों का संचालन प्रत्यक्ष रूप से गुप्त मतदान द्वारा किया गया। कक्षा छठी से बारहवीं तक के सभी बच्चों ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए विद्यालय कैप्टन और वाइस कैप्टन को चुना। चुनाव संचालक सुनील कुमार ने बताया कि लगातार तीसरी बार विद्यालय में चुनाव सफलता पूर्वक करवाए गए जिनमें बच्चे मतदाता के रूप में बहुत उत्साहित थे। इस प्रक्रिया द्वारा विद्यार्थियों में अपने अधिकारों और देश में लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने कर्तव्यों का बोध होता है। आगे चलकर यही विद्यार्थी देश को मजबूत बनाएंगे और लोकतंत्र के प्रति इनमें आस्था बढ़ेगी जब इन्हें वयस्क मताधिकार प्राप्त होगा। राजनीति विज्ञान का अध्ययन केवल विषय वस्तु तक सीमित ना होकर बहुत विस्तृत है। जिसमें शिक्षा का उद्देश्य केवल मात्र परीक्षा पास करना नहीं है बल्कि भविष्य के लिए अच्छे नागरिक बनाना है, ताकि अगली पीढ़ी सामाजिक विकास के साथ साथ देश के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाए और अपने अधिकारों के साथ साथ अपने कर्तव्यों का भी उन्हें ज्ञान हो। कैप्टन पद पर कुल तीन उम्मीदवारों ने भाग लिया जिनमे राजिंदर कौर को 36, पलक शर्मा को 69 और अभिषेक पटियाल 139 मतों के साथ विजेता रहे। वाइस कैप्टन के लिए 5 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे जिनमे सूरज 8, जसमीत 9, मोहित मान 54 अनिरुद्ध 56 और कर्ण 117 वोटों के साथ विजेता बने।