उपमंडल बंगाणा की उप-तहसील जोल के अंतर्गत बड़ूही बाजार में यात्रियों की सुविधा के लिए बनाया गया रेन शेल्टर अब 'शोपीस' बनकर रह गया है। यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से निर्मित यह शेल्टर आज खुद परेशानी का कारण बन गया है। रेन शेल्टर के ठीक आगे हमेशा वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। ऊना से अंब की ओर जाने वाली बसें वहां रुक नहीं पातीं, जिससे यात्रियों को बीच सड़क पर ही चढ़ना-उतरना पड़ता है। यह स्थिति न केवल यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा है बल्कि पूरे बाजार की यातायात व्यवस्था को अस्त-व्यस्त कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़ूही बाजार में अंब की ओर जाने वाला रास्ता तीखा मोड़ लिए हुए है। ऐसे में जब बसें बीच सड़क पर खड़ी होती हैं, तो सामने से आने वाले वाहनों को निकलने में भारी परेशानी होती है। कई बार बसों और अन्य वाहनों के बीच टक्कर जैसी स्थिति बन जाती है। पहले भी यहां छोटे-मोटे हादसे हो चुके हैं। करीब तीन वर्ष पूर्व बाजार में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए एक पुलिस कर्मी तैनात किया गया था, जिससे स्थिति काफी हद तक सुधरी थी। लेकिन अब वहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं है, जिसके चलते समस्या फिर से गंभीर रूप ले चुकी है। स्थानीय दुकानदार दीप महता, कपिल, मोहिंदर, सनी, अश्वनी, तिलक राज नीरज चोपडा का कहना है कि बाजार में गाड़ियों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम लगना आम बात हो गई है। रेन शेल्टर के आगे पार्किंग से यात्रियों को भारी असुविधा होती है, खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को। इसके अलावा, बड़ूही से चौकीमन्यार, सोहारी और तलमेहड़ा की ओर जाने वाली बसें भी बीच चौक में खड़ी रहती हैं। इससे ऊना से चौकीमन्यार की दिशा में आने-जाने वाले वाहनों को गलत दिशा से मुड़ना पड़ता है, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। दुकानदारों ने मांग की है कि इन बसों के लिए बड़ूही–चौकीमन्यार मार्ग पर कोई वैकल्पिक स्थान निर्धारित किया जाए ताकि चौक का सुचारु उपयोग हो सके। व्यापार मंडल के प्रधान नरेंद्र शर्मा ने बताया कि कई बार प्रशासन और पुलिस विभाग को इस समस्या से अवगत करवाया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने मांग की कि रेन शेल्टर के आगे पार्किंग पर प्रतिबंध लगाया जाए, चौक में बसें खड़ी करने पर रोक लगे, और बाजार में दोबारा पुलिस कर्मी तैनात किए जाएं ताकि दुकानदारों और राहगीरों को राहत मिल सके। थाना प्रभारी बंगाणा रोहित चौधरी ने बताया कि बड़ूही बाजार में रेन शेल्टर और बसों की रुकावट संबंधी समस्या उनके ध्यान में आई है। जल्द ही वहां पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे ताकि यातायात व्यवस्था को सुचारु किया जा सके और लोगों को राहत मिले।