फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: युवाओं में बढ़ा इलेक्ट्रीशियन ट्रेड का क्रेज, आईटीआई ऊना में अब 3 की जगह चलेंगी 5 यूनिट

नौकरी और तकनीकी कौशल की बढ़ती जरूरत के बीच इस बार ऊना में युवाओं का रुझान इलेक्ट्रीशियन ट्रेड की ओर तेजी से बढ़ा है। युवाओं की बढ़ती पसंद को देखते हुए तकनीकी शिक्षा विभाग ने आईटीआई ऊना में इस ट्रेड की दो नई यूनिट शुरू करने की मंजूरी दी है। अब नए सत्र से इलेक्ट्रीशियन ट्रेड की तीन की बजाय पांच यूनिट संचालित होंगी। पहले आईटीआई ऊना में इलेक्ट्रीशियन ट्रेड की तीन यूनिट चल रही थीं। प्रत्येक यूनिट में 20 सीटें हैं। दो नई यूनिट जुड़ने के बाद अब कुल पांच यूनिट में 100 युवा इलेक्ट्रीशियन ट्रेड का प्रशिक्षण ले सकेंगे। आईटीआई ऊना के प्रिंसिपल ई. अंकुश शर्मा ने बताया कि इस बार तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं का रुझान इलेक्ट्रीशियन ट्रेड की ओर काफी बढ़ा है। इसी को देखते हुए विभाग ने दो नई यूनिट को मंजूरी दी है। नए सत्र से इन यूनिट का संचालन शुरू किया जा रहा है। इलेक्ट्रीशियन ट्रेड युवाओं के लिए रोजगार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जाता है। घरों, दुकानों, उद्योगों और विभिन्न संस्थानों में बिजली से जुड़े काम के लिए प्रशिक्षित तकनीकी कर्मचारियों की जरूरत रहती है। ऐसे में इस ट्रेड में प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बनते हैं। आईटीआई ऊना में अब इलेक्ट्रीशियन ट्रेड की पांच यूनिट में कुल 100 सीटें होंगी। हर यूनिट में 20-20 युवा प्रवेश ले सकेंगे। इससे पहले तीन यूनिट में 60 सीटों पर ही प्रशिक्षण दिया जा रहा था। आईटीआई में इलेक्ट्रीशियन के अलावा फिटर, वेल्डर, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, मैकेनिक मोटर व्हीकल, मैकेनिक डीजल, प्लंबर, बढ़ई/वुड वर्क टेक्नीशियन, टर्नर और सर्वेयर समेत कई ट्रेड संचालित किए जा रहे हैं। इनमें एक और दो वर्ष की अवधि वाले तकनीकी और गैर-तकनीकी पाठ्यक्रम शामिल हैं। आईटीआई ऊना में प्रवेश के लिए पहले चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मैरिट और प्राथमिकता के आधार पर चयनित युवाओं ने संबंधित आईटीआई में फीस जमा करवाकर प्रवेश ले लिया है। 10 अगस्त से नए सत्र की कक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। दूसरे चरण और स्पॉट काउंसलिंग के बाद ही खाली सीटों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। इसके बाद बची हुई सीटों पर भी युवाओं को प्रवेश का मौका मिल सकता है। आईटीआई ऊना प्रबंधन के अनुसार पिछले कुछ समय से युवा पारंपरिक पाठ्यक्रमों के साथ-साथ ऐसे तकनीकी कोर्स की ओर भी आकर्षित हो रहे हैं, जिनसे प्रशिक्षण के बाद नौकरी या अपना काम शुरू करने का रास्ता खुलता है। इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में बढ़ी सीटें इसी बदलते रुझान का संकेत हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें