हिमाचल पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन ऊना जिला की बैठक वीरवार को जिला प्रधान किशोरी लाल की मौजूदगी में हुई। बैठक में कहा गया कि 25 सितंबर बीत जाने के बाद भी पेंशनरों को पेंशन जारी न होना दुख की बात है। किशोरी लाल ने कहा कि सरकार और एचआरटीसी प्रबंधन तीन साल बीत जाने पर भी पेंशनरों को डीए, चिकित्सा बिल और एरियर भत्ता का भुगतान नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि वृद्ध पेंशनर बीमारी से पीड़ित हैं। वित्तीय स्थिति के चलते अपना इलाज भी नहीं करवा पा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार और प्रबंधन मांगों को पूरा नहीं करती है तो अक्तूबर में प्रदेश सयुंक्त समिति के नेतृत्व में शिमला में प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में सहदेव सिंह, सुरेश चंद, मनकीत सिंह, पंजाब सिंह, रमेश चंद, अविनाश खुल्लर, ओम प्रकाश समेत अन्य मौजूद रहे।