उपमंडल अंब के अंतर्गत गांव कुठेड़ा खैरला में आज धार्मिक वातावरण के बीच भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से कलश यात्रा निकाली, जिसमें महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पूरे गांव का भ्रमण किया। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कलश यात्रा के उपरांत विधिवत पूजा-अर्चना कर कथा का शुभारंभ किया गया। यह पावन कथा 26 फरवरी तक प्रतिदिन सायं 2:00 बजे से 6:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर पूज्य संत श्री रमेश भाई शुक्ल जी महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। वे अपने श्रीमुख से श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कराते हुए जीवन में धर्म, भक्ति और सत्कर्मों के महत्व पर प्रकाश डालेंगे। उनके प्रवचनों को सुनने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों द्वारा जानकारी दी गई कि कथा के दौरान प्रतिदिन आरती एवं भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। गांववासियों में इस धार्मिक आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है और सभी लोग मिलकर कथा को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं। श्रीमद् भागवत कथा के आयोजन से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है तथा ग्रामीणों ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने की अपील की है।