पूर्व सैनिक मनोज कौशल ने आरोप लगाया है कि बाहरी राज्यों का एक गिरोह ऊना जिले की तहसीलों में फर्जी तरीके से पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर जमीनों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। शुक्रवार को एक निजी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मनोज कौशल ने कहा कि कथित गिरोह ने ऊना जिले की अंब और घनारी तहसीलों को निशाना बनाया है। उनके अनुसार, गिरोह झूठे गवाहों और कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर बाहरी राज्यों में जमीनों की खरीद-बिक्री कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस तरह के मामले का खुलासा हरियाणा में भी हो चुका है, जहां संबंधित उपायुक्त की ओर से कथित फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी गिरोह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। उनका कहना है कि इसी तरह का नेटवर्क ऊना जिले में भी सक्रिय होने की आशंका है। मनोज कौशल ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर विजिलेंस विभाग के एसपी धर्मशाला और उपायुक्त ऊना को शिकायत पत्र सौंपा है। उन्होंने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए तथा यदि किसी स्तर पर अनियमितता सामने आती है तो इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच से कथित फर्जीवाड़े और भ्रष्टाचार से जुड़े तथ्यों का पता चल सकेगा तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।