नगर पंचायत टाहलीवाल बाजार में दुकानदारों के लिए बनाए गए सुलभ शौचालय की हालत बेहद खराब हो चुकी है। शौचालय के बाहर न कोई सूचना बोर्ड है, न ही दीवारों की मरम्मत हुई है। अंदर गंदगी का ढेर और चारों ओर झाड़ियां व कचरा फैला हुआ है। उठती बदबू से दुकानदार और ग्राहक दोनों ही परेशान हैं। मजबूरी में लोग इसी गंदे शौचालय का इस्तेमाल कर रहे हैं। दुकानदार मोहित शर्मा ने बताया कि पिछले एक साल से यहां सफाई नहीं हुई और ग्राहक भी दुकानों पर आकर लगातार शिकायतें कर रहे हैं। दुकानदार पवन, सूरज, राहुल, अंशुल ठाकुर, प्रवीण कुमार, अजय कुमार, सोमनाथ और गणेश सहित अन्य लोग मौके पर इकट्ठा होकर नगर पंचायत से कार्रवाई की मांग करने लगे। दुकानदारों ने कहा कि शौचालय की देखरेख सुलभ समिति से लेकर नगर पंचायत को सौंपी जाए, ताकि सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी ठीक से निभाई जा सके। नगर पंचायत सचिव विजय कुमार ने बताया कि शौचालय फिलहाल सुलभ समिति के पास है, लेकिन सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रयास किए जाएंगे और इस बाबत एसडीएम हरौली को भी पत्र भेजा जाएगा। हिमाचल के सुलभ शौचालय प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि उन्होंने सफाई के लिए एक पार्ट-टाइम महिला सफाई कर्मचारी को जिम्मेदारी दे रखी है, जिसे हर महीने 3000 रुपये दिए जाते हैं। बावजूद इसके सफाई क्यों नहीं हो रही, इसकी जांच की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही यह शौचालय नगर पंचायत को सौंप दिया जाएगा, ताकि देखरेख बेहतर ढंग से हो सके। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द मरम्मत और सफाई की ठोस व्यवस्था नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।