ऑपरेशन संदूर में घायल हुए और देश के लिए अपनी एक टांग गंवाने वाले वीर जवान एसआई ब्यास देव संधू मंगलवार सुबह 11:00 बजे अपने निवास स्थान गांव बाथू पहुंचे। उनके आगमन पर पूरे गांव में देशभक्ति और गर्व का माहौल था। गुरपलाह चौक पर गांववासियों और पूर्व सैनिकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। फूल मालाओं और जयकारों से उनका अभिनंदन किया गया। रिटायर्ड कैप्टन ओंकार सिंह और कैप्टन मंगल सिंह के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों और गांव वासियों ने ब्यास देव के गले मिलकर और फूल मालाएं पहनाकर उन्हें सम्मानित किया। ज्ञात हो कि ऑपरेशन संदूर के दौरान अचानक हुई बमबारी में ब्यास देव को अपनी एक टांग गंवानी पड़ी थी। इस हादसे के बाद उनका लंबे समय तक उपचार चला, और आज वह स्वस्थ होकर अपने गांव लौटे। गांववासियों ने कहा कि ब्यास देव ने अपनी वीरता और बलिदान से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनके संघर्ष और साहस की मिसाल कभी नहीं भुलाई जा सकती। ब्यास देव ने अपने स्वागत के दौरान कहा, "मुझे गर्व है कि मैं देश के लिए कुछ कर पाया। गांववासियों का यह प्यार और सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का काम करेगा।" उनके स्वागत में शामिल एक बुजुर्ग ने कहा, "एक टांग गंवाने का दर्द शब्दों में नहीं बयां किया जा सकता, लेकिन जिस तरह गांववासियों ने उनका स्वागत किया, वह उनकी वीरता और बलिदान के प्रति हमारी श्रद्धा को दर्शाता है।"