चिंतपूर्णी थाना क्षेत्र के तहत चंबी में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है।शुक्रवार सुबह नौ बजे एक बाइक सवार युवक दुकान में रखे बैग से करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। घटना के समय बुजुर्ग दुकानदार दुकान से बाहर गया हुआ था। जानकारी के अनुसार, जैसे ही दुकानदार सुदेश वापस दुकान में आया तो उसने देखा कि एक युवक बाइक खड़ी कर अंदर मौजूद था। युवक ने बुजुर्ग से सामान्य बातचीत की और तुरंत वहां से निकल गया। कुछ ही देर बाद जब दुकानदार ने बैग चेक किया तो उसमें रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की राशि गायब मिली। घटना का पता चलते ही दुकानदार बाहर निकला, लेकिन तब तक बाइक सवार मौके से फरार हो चुका था। इसके बाद आसपास के दुकानदारों को सूचना दी गई। कुछ लोगों ने बाइक सवार का पीछा करने की कोशिश भी की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया।मामले की सूचना तुरंत चिंतपूर्णी पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। जांच अधिकारी एएसआई महेंद्र सोनी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सीसीटीवी की मदद से बाइक का नंबर ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।वहीं बुजुर्ग दुकानदार ने बताया कि चोरी हुई राशि एलआईसी की थी जो उन्हें किसी को देने के लिए रखी गई थी। उनका बेटा सुबह ही यह पैसे देकर लुधियाना चला गया था।