माता चिंतपूर्णी मंदिर में बुधवार को पंजाब के बंगा शहर से बाबा रंगड़ बादशाह परिवार सहित चाला लेकर पहुंचे। भक्तों ने अनूठी मिसाल कायम करते हुए 550 माता के झंडे माता रानी के दरबार में भेंट स्वरूप अर्पित किए। माता के चाले में पंजाब के इलावा बड़ी संख्या में कनाडा से भी श्रद्धालु पहुंचे थे। एक झंडे पर तो डॉलर भी चिपकाए हुए थे। जोकि आकर्षण का केंद्र बना हुआ था। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर मातारानी के दर्शन किए। गौरतलब है कि रंगड़ बादशाह पंजाब के बंगा शहर के इलावा कनाडा में भी स्थान है और बहुत संख्या में पंजाब के कनाडा रहने वाले श्रद्धालु बाबा जी के साथ श्रद्धा से जुड़े हुए हैं। रंगड़ बाबा का चाला हर साल मातारानी के दरबार में श्रद्धा के साथ पहुंचता है और चिंतपूर्णी के साथ साथ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में भी हाजिरी भरते हैं। रंगड़ बाबा की चिंतपूर्णी मंदिर में यह पांचवां शुक्राना चाला था जिसमें 8 हजार भक्तों ने भाग लिया। श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं के लिए पुलिस बल भी डटा हुआ था लेकिन इनके समयसेवी अनुशासन में श्रद्धालुओं को स्वयं ही व्यवस्था बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रंगड़ बाबा ने मंदिर प्रशासन और पुलिस का आभार भी जताया। उन्होंने स्थानीय लोगों का भी आभार प्रकट किया।