महामाया बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में रविवार को मार्गशीर्ष मास शुक्ल पक्ष तृतीया तिथि पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। प्रातः आरती और भोग के उपरांत मंदिर के कपाट खुलते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लग गया। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तों का निरंतर आवागमन बना रहा। मंदिर न्यास अधिकारी एवं तहसीलदार नाहन उपेंद्र कुमार चौहान ने बताया कि सप्ताहांत में शनिवार और रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या में खासा इजाफा देखा जा रहा है। रविवार को भी लगभग 4,000 भक्तों ने मंदिर पहुंचकर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। इनमें जिला समेत पड़ोसी राज्यों के श्रद्धालु शामिल रहे।