कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा की अगुवाई में बुधवार को गांव घरवासड़ा के बलिदानी दिलवर खान की शहादत की बरसी पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों तथा सेना के पूर्व व वर्तमान सैनिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर बलिदानी दिलवर खान के माता-पिता को विधायक विवेक शर्मा की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में इब्राहिम, रघुवीर सिंह, अच्छरो बीबी सहित बलिदानी की यूनिट से जुड़े सैनिक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने साथी को याद करते हुए भावुक क्षण साझा किए। श्रद्धांजलि सभा के बाद एक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें दर्जनों युवाओं ने भाग लेकर शहीद को सच्ची श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के समापन पर देशभक्ति गीतों और नारों के साथ शहीद को नमन किया गया।