कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समूर के विद्यार्थियों ने हाल ही में होटल हिमाचल हवेली का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों ने अपने पाठ्यक्रम से जुड़े विषयों पर व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। प्लस वन और प्लस टू कक्षा में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए यह भ्रमण विशेष रूप से उपयोगी साबित हुआ, क्योंकि उन्हें किताबों के साथ वास्तविक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिला। भ्रमण के दौरान होटल हिमाचल हवेली के प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों को आतिथ्य प्रबंधन, पर्यटन उद्योग, होटल संचालन, ग्राहक सेवा, स्वच्छता व्यवस्था, भोजन प्रबंधन और रोजगार की संभावनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। छात्रों ने उत्साह पूर्वक प्रश्न पूछे और होटल के विभिन्न विभागों का अवलोकन किया। इससे विद्यार्थियों की जिज्ञासा बढ़ी और उन्हें भविष्य की पढ़ाई व कॅरियर को लेकर नई दिशा मिली। इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें व्यावहारिक अनुभव भी मिलना चाहिए।