वरिष्ठ नागरिकों की उपेक्षा और सुविधाओं की कमी को लेकर आवाज तेज हो गई हैं। ऊना जिला मुख्यालय पर सोमवार को सीनियर सिटीजन फोरम की बैठक में बुजुर्गों ने अपनी समस्याओं को लेकर गंभीर चिंता जताई। बैठक की अध्यक्षता फोरम के अध्यक्ष जीआर वर्मा ने की। इस दौरान सदस्यों ने कहा कि जीवनभर देश और समाज की सेवा करने के बाद भी वृद्धावस्था में उन्हें सम्मान और राहत के बजाय दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर केंद्र सरकार की ओर से रेलवे में वरिष्ठ नागरिकों को दी जाने वाली 50 प्रतिशत छूट बंद किए जाने का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया गया। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों में लंबे समय तक कतारों में खड़े रहने की समस्या को भी सदस्यों ने प्रमुख रूप से रखा। जीआरवर्मा ने कहा कि इस विषय पर कई बार अधिकारियों से बात की जा चुकी है, लेकिन स्टाफ की कमी का बहाना बनाकर समस्या हल नहीं की गई। उन्होंने जिला प्रशासन और सरकार से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की।