उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के अटल बिहारी वाजपेयी महाविद्यालय बंगाणा के राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से शनिवार को अंतरराष्ट्रीय संबंधों पर आधारित एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर सिकंदर नेगी ने की। सेमिनार के मुख्य विषय संयुक्त राष्ट्र संघ में भारत की भूमिका, अंतरराष्ट्रीय व्यापार संगठन और नव उपनिवेशवाद थे। इन महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा और विचार-विमर्श हुआ। मुख्य वक्ताओं में अंतिम वर्ष की छात्रा ज्योतिका ने संयुक्त राष्ट्र में भारत की भूमिका पर, द्वितीय वर्ष की छात्रा प्रीति ने नव उपनिवेशवाद और उसके प्रभाव पर और अंतिम वर्ष की छात्राएं सानिया मेहता और शगुन शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार संगठन पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।