केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से आम जनमानस की भलाई के लिए चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। यह बात शुक्रवार को नव नियुक्त एसडीएम पारस अग्रवाल ने उपमंडल अंब का कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से हुई शिष्टाचार भेंट के दौरान कही। एसडीएम पारस अग्रवाल ने कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य आम जनता के हितों की रक्षा करना और उन्हें सरल, पारदर्शी व समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपने कार्यकाल में आम जनमानस की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अनेक सेवाएं ऑनलाइन मॉड्यूल पर उपलब्ध हैं, इसके बावजूद भी कई लोग अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। इससे न केवल आम नागरिकों का कीमती समय नष्ट होता है, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से भी अनावश्यक बोझ उठाना पड़ता है। इस स्थिति को बदलना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। एसडीएम पारस अग्रवाल ने बताया कि उनका प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक सेवाएं घरद्वार तक ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि लोगों को कार्यालयों में बार-बार आने की आवश्यकता न पड़े। अंत में एसडीएम पारस अग्रवाल ने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करना उनकी कार्यशैली का अहम हिस्सा रहेगा, ताकि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।