आगामी श्री चिंतपूर्णी श्रावण अष्टमी मेले को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में ऊना के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सचिन हीरेमठ ने वीरवार को श्री चिंतपूर्णी मंदिर पहुंचकर मेले की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। मंदिर में माता चिंतपूर्णी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना करने के बाद एसपी सचिन हीरेमठ ने अधिकारियों के साथ सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि श्रावण अष्टमी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचते हैं, इसलिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। एसपी ने बताया कि मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा योजना तैयार की जाएगी। इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए अलग से विस्तृत प्लान लागू किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर डीएसपी अंब अनिल पटियाल, मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर, स्थानीय थाना पुलिस के अधिकारी एवं जवान भी उपस्थित रहे।