संयुक्त ग्रामीण राजस्व अधिकारी एवं कानूनगो संघ उपमंडल अंब ने अपनी वेतन विसंगतियों और अन्य मांगों को लेकर बैठक आयोजित की। इस बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष अछर राम ने की, जिसमें वरिष्ठ उपप्रधान सुभाष कुमार, सचिव निशांत शर्मा और संघ के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। संघ ने हिमाचल प्रदेश सरकार से अपनी लंबित मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की अपील की। बैठक में राजस्व विभाग से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में राजस्व बोर्ड की अनुमतियों को शीघ्र लागू करने, कानूनगो पदोन्नति कोटे को 60 से बढ़ाकर 80 फीसदी करने, पटवारियों को नियमित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने, पटवारियों के वेतन में असमानता को समाप्त करने व सेवा में कार्यरत पटवारियों की वेतनवृद्धि करने की मांग उठाई गई। बैठक में विशेष रूप से उपस्थित संघ के प्रदेश अध्यक्ष सतीश चौधरी ने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि राजस्व विभाग के कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए, ताकि प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।