भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा आम चुनाव-2024 के लिए हमीरपुर संसदीय क्षेत्र और विधानसभा उपचुनाव को लेकर गगरेट और कुटलैहड़ के लिए नियुक्त सामान्य पर्यवेक्षक श्याम लाल पूनिया ने ऊना में जिला अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने सभी से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित बनाने को कहा। इस अवसर पर निर्वाचन आयोग द्वारा हमीरपुर संसदीय क्षेत्र और ऊना जिले के दो विधानसभा उपचुनावों के लिए नियुक्त पुलिस पर्यवेक्षक अभिषेक जोरवाल भी उपस्थित रहे। सामान्य पर्यवेक्षक श्याम लाल पूनिया वर्ष 2010 बैच के आईएएस अधिकारी हैं, जबकि पुलिस पर्यवेक्षक अभिषेक जोरवाल 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।