उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज गोंदपुर जयचंद ग्राम पंचायत में लगभग 1.14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पंचायत सामुदायिक केंद्र का शिलान्यास किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के प्रथम चरण के तहत 35 लाख रुपये की प्रथम किश्त प्राप्त हो चुकी है। यह भवन से गांव के लोगों के लिए पंचायत स्तरीय बैठकों, प्रशासनिक गतिविधियों तथा सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक सुव्यवस्थित एवं आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायती राज संस्थानों को सशक्त बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण विकास, स्थानीय अर्थव्यवस्था के सशक्तिकरण और पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ठोस कदम उठा रही है। पंचायतों में आधारभूत संरचना की मजबूती की दिशा में काम किया जा रहा है।