उपायुक्त जतिन लाल ने गायन प्रतियोगिता प्रतिभा की खोज सीजन एक में प्रथम रहे 13 वर्षीय आदित्य चौहान के ‘जिंदगी’ शीर्षक से गाए गाने को जारी किया। उन्होंने गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय में यह गाना जारी करते हुए आदित्य को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर आदित्य चौहान के साथ कांग्रेस प्रवक्ता विजय डोगरा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। बता दें, आदित्य चौहान ऊना के वशिष्ठ पब्लिक स्कूल बडाला में 9वीं कक्षा के विद्यार्थी हैं। इस अवसर पर उपायुक्त ने जिले के सभी बच्चों से कला और संस्कृति के साथ गहरा जुड़ाव बनाने और अपनी ऊर्जा को रचनात्मक गतिविधियों में लगाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा की खोज जैसे कार्यक्रम न केवल बच्चों को अपनी कला को दिखाने का मंच प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें समाज में अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर भी देते हैं।