बल्क ड्रग पार्क प्रोजेक्ट को लेकर जिलाधीश जतिन लाल ने मंगलवार दोपहर क्षेत्र का दौरा किया और मौके पर स्थिति का जायजा लिया। दौरे के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रोजेक्ट को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रांतियों का खंडन किया। डीसी ने स्पष्ट किया कि बल्क ड्रग पार्क प्रोजेक्ट पूरी तरह से पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप और क्षेत्र के विकास के लिए अहम है। उन्होंने कहा कि कुछ शरारती तत्व सोशल मीडिया के जरिये लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, जिनकी सच्चाई से कोई वास्ता नहीं है। जतिन लाल ने क्षेत्रवासियों से इस महत्त्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में प्रशासन का सहयोग करने और विकास की मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्थानीय लोगों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।