ऊना जिला मुख्यालय में स्थित इफको के गोदाम में बुधवार को 725 बोरी यूरिया खाद की पहुंचीं। खाद की यह खेप मक्की और हरी सब्जियों की खेती में इस्तेमाल होगी। इसका किसान बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। बीते मंगलवार शाम को करीब डेढ़ घंटा हुई अच्छी बारिश के बाद किसान अब खाद के छिड़काव की तैयारी में जुट गए हैं। हालांकि, कुछ दिनों से गोदाम में खाद की उपलब्धता कम होने के कारण किसानों को परेशानी हुई। इस बीच बुधवार सुबह ही ऊना स्थित गोदाम में यूरिया खाद की 725 बोरियां पहुंचीं। ध्यान रहे की जिला में इस समय अगेती मक्की, भिंडी, करेला, घीया, कद्दू, बैंगन सहित कुछ अन्य हरी सब्जियों की खेती हो रही है। इसके लिए समय-समय पर सिंचाई और खाद का छिड़काव करना बेहद जरूरी है। उपनिदेशक जिला कृषि विभाग कुलभूषण धीमान ने कहा कि किसान खाद का छिड़काव करने से पहले जमीन में उपयुक्त नमी का विशेष ख्याल रखें। ताकि फसलों को किसी प्रकार का विपरीत असर ना हो। उधर इसको ऊना के विक्रय अधिकारी मोहित शर्मा ने बताया कि हमारे पास यूरिया खाद की पर्याप्त उपलब्धता है। किसान अपनी जरूरत के अनुसार सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक खाद की खरीद कर सकते हैं।