प्रसिद्ध धर्मिक स्थलों मां चिंतपूर्णी मंदिर, बाबा बालक नाथ, डेरा बाबा बड़भाग सिंह में मेले शुरू होने से पहले जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से सख्ती करने के दावे तो किए जा रहे हैं। लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। ऊना में दाखिल होने के लिए प्रमुख सड़क मार्गों में एक होशियारपुर-ऊना सड़क पर बिना जांच व रोक-टोक के वाहन दाखिल हो रहे हैं। इस मार्ग पर पंडोगा गांव में बने बैरियर पर कोई पुलिस कर्मी तैनात नहीं है। इससे सवारियों को लेकर आने वाले वाहन बिना जांच के प्रदेश में पहुंच रहे हैं। वहीं खनन सामग्री लेकर भी वाहन पंजाब की ओर जाते हैं, उनके दस्तावेज तक नहीं जांचे जा रहे। यही स्थिति लकड़ लेकर होशियारपुर की ओर जाने वाले वाहनों को लेकर है। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने कहा कि मेलों को ध्यान में रखते हुए पुलिसबल संवेदनशील इलाकों में तैनात की जाएगी। इसमें पंजाब पुलिस के साथ मिलकर समन्वय के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने मेलों में आने वाले श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि मालवाहन वाहनों में सफर न करें। ऐसा पाए जाने पर उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।