उपतहसील जोल के तहत ग्राम पंचायत चौकीमन्यार निवासी अरमान खान और बड़ूही निवासी अंकुश चौधरी की घर वापसी से उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। दोनों के परिजनों ने उनकी रिहाई और वापसी में सहयोग के लिए सांसद अनुराग ठाकुर का आभार जताया है। मंगलवार को चिंतपूर्णी क्षेत्र के पूर्व विधायक बलबीर सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष शाम मिन्हास, लोअर चिंतपूर्णी मंडल अध्यक्ष विनय शर्मा समेत स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि अरमान खान के चौकीमन्यार स्थित घर पहुंचे। भाजपा नेताओं ने अरमान खान के सकुशल घर लौटने पर परिजनों को बधाई दी और उनके बेहतर भविष्य की कामना की। परिजनों के अनुसार, अरमान खान करीब एक वर्ष से संबंधित मामले में जेल में बंद थे। इस दौरान परिवार को कई तरह की परेशानियों और कठिन परिस्थितियों से गुजरना पड़ा। परिवार का कहना है कि मुश्किल दौर में सांसद अनुराग ठाकुर की ओर से उन्हें आवश्यक सहयोग और मदद मिली। इसी तरह बड़ूही निवासी अंकुश चौधरी पुत्र बक्शीश पाल के घर लौटने पर भी परिजनों ने खुशी जताई। उन्होंने सांसद अनुराग ठाकुर के सहयोग और प्रयासों के लिए धन्यवाद किया। परिजनों के मुताबिक, इस दौरान उन्हें सांसद की ओर से मदद मिली, जिससे उन्हें राहत मिली और दोनों अपने परिवारों के बीच लौट सके। दोनों की घर वापसी के बाद परिवारों में खुशी का माहौल है। परिजनों ने सांसद अनुराग ठाकुर के सहयोग की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं और पंचायत प्रतिनिधियों ने भी अरमान खान के घर पहुंचकर उनकी सकुशल वापसी पर खुशी जताई।