भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक बलबीर सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। अंब बाजार में आयोजित रैली के दौरान भाजपाइयों ने भाजपा कार्यालय से लेकर मुख्य चौक तक जुलूस निकाला और सरकार विरोधी नारे लगाए।रैली के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए बलबीर सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश की सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि पौने चार वर्षों के कार्यकाल में सरकार ने जनता से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया है। युवाओं को प्रतिवर्ष एक लाख नौकरियां देने का वादा करने वाली सरकार अब तक 100 लोगों को भी रोजगार नहीं दे पाई है, जिससे बेरोजगार युवा भटकने को मजबूर हैं। वहीं, प्रदेश की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये पेंशन देने की चुनावी गारंटी भी पूरी तरह हवा हवाई साबित हुई है।पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि पूरे ऊना जिले और चिंतपूर्णी क्षेत्र में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं।