जिला ऊना में आज ऑल इंडिया सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण, अनुशासित और सुव्यवस्थित ढंग से किया गया। जिले के दो प्रमुख शिक्षण संस्थानों में आयोजित इस परीक्षा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर सैनिक स्कूल में प्रवेश पाने की अपनी इच्छा जाहिर की। वशिष्ठ पब्लिक स्कूल, ऊना के जलग्रा परिसर में आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए आयोजित ऑल इंडिया सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में लगभग 176 बच्चों ने भाग लिया। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी विद्यार्थी समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचे और अनुशासन के साथ परीक्षा में शामिल हुए। वहीं रॉकफोर्ड पब्लिक स्कूल, रक्कड़ कॉलोनी ऊना में पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए आयोजित ऑल इंडिया सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में 400 के करीब विद्यार्थियों ने भाग लिया। यहां भी परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता और नियमों के अनुसार किया गया। दोनों स्कूलों के परीक्षा केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया। स्कूल प्रबंधन द्वारा परीक्षा समय-सारिणी का सख्ती से पालन करवाया गया। परीक्षा देने आए बच्चों को स्कूल स्टाफ और सदस्य आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए नजर आए, जिससे बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किए।