भारतीय हॉकी के स्वर्णिम इतिहास के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में शुक्रवार को भव्य आयोजन हुए। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला मुख्यालय पर भी इस ऐतिहासिक अवसर को खेल भावना और देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया गया। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग और हॉकी हिमाचल के संयुक्त तत्वाधान में एस्ट्रोटर्फ मैदान में आयोजित इस समारोह में जिलेभर के खिलाड़ी, स्कूल छात्र और खेल संस्थान शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण प्रदर्शनी मैच और भारतीय हॉकी की गौरवगाथा को समर्पित संबोधन रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व भारतीय टेस्ट हॉकी खिलाड़ी भूपेंद्र सिंह और हॉकी हिमाचल की उपाध्यक्ष सुमन पुरी मौजूद रहीं। भूपेंद्र सिंह ने युवाओं से अपील की कि वे नशे की लत को त्यागकर खेलों की ओर अग्रसर हों, क्योंकि खेल ही जीवन को अनुशासन और सम्मान की दिशा देते हैं।