माता श्री चिंतपूर्णी व आसपास के क्षेत्रों के लिए 12.42 करोड़ रुपये की लागत से तैयार उठाऊ पेयजल योजना का शनिवार को विधिवत शुभारंभ उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया। चिंतपूर्णी स्थित माई दास सदन में आयोजित इस कार्यक्रम में चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू पूर्व विधायक कुलदीप कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया।उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है और इस योजना से चिंतपूर्णी क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या का स्थायी समाधान होगा।उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के लागू होने से माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में प्रतिदिन आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही आसपास के 16 गांवों में भी नियमित और सुचारू जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, जिससे स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। इस दौरान जल शक्ति विभाग के अधिकारियों ने डिप्टी सी एम व अन्य मुख्यअतिथियो को सम्मानित भी किया.