सोलन क्षेत्रीय अस्पताल के पास एक बड़ा हादसा होने से टल गया। टैंक रोड से कोटला नाला की ओर जा रहा एक भारी ट्रक अचानक मोड़ पर ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक ने पहले आगे जा रही एक नई कार को टक्कर मारी और फिर उसे बचाने के प्रयास में सीधे अस्पताल भवन की रेलिंग से जा टकराया। गनीमत रही कि ट्रक की रफ्तार थोड़ी कम थी, अन्यथा यह रेलिंग तोड़कर अस्पताल के भीतर घुस सकता था, जिससे दर्जनों लोगों की जान पर बन सकती थी। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। वहीं, डॉक्टर जसवाल ने बताया कि हादसा ट्रक की ब्रेक फेल होने से हुआ है और इस मोड़ पर पहले भी कई बार ऐसी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।