जिले में करीब एक सप्ताह बाद बुधवार को मौसम साफ हुआ और सुबह से तेज धूप खिली। लगातार कई दिनों से बारिश और खराब मौसम से परेशान लोगों ने धूप निकलने के बाद राहत की सांस ली। आसमान साफ होने के साथ ही शहर के मालरोड और पार्कों में भी चहल-पहल बढ़ गई। पिछले करीब एक सप्ताह से सोलन में मौसम खराब बना हुआ था। रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही थी। बुधवार को सुबह से मौसम खुलने के बाद लोगों ने राहत महसूस की और रोजमर्रा के कामों के लिए घरों से बाहर निकलना शुरू किया। मौसम साफ होने का फायदा किसानों और बागवानों को भी मिलेगा। बारिश के कारण रुके खेतों और बागीचों के काम अब दोबारा शुरू हो सकेंगे। किसान-बागवान फसलों और पौधों में जरूरी दवाओं तथा खाद का छिड़काव भी कर सकेंगे। इससे कृषि और बागवानी से जुड़े कामों में तेजी आने की उम्मीद है। लगातार बारिश के कारण खेतों और बागीचों में कई काम प्रभावित हो रहे थे। अब धूप खिलने से किसान खेतों का रुख कर सकेंगे और मौसम अनुकूल रहने पर फसलों में दवाओं व खाद का छिड़काव कर पाएंगे।