उपायुक्त कार्यालय सोलन में वीरवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद सुरेश कश्यप ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से संचालित विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि वीरवार से वीबी-जी राम जी योजना शुरू होने जा रही है। इसे देखते हुए पंचायती राज विभाग को निर्देश दिए गए कि मनरेगा के तहत लंबित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने संबंधित विभागों से विकास कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।