जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक सीमित सोलन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लेखा परीक्षित वित्तीय परिणाम घोषित किए। बैंक के अध्यक्ष एडवोकेट मुकेश शर्मा ने पत्रकारवार्ता के दौरान बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बैंक का वैधानिक लेखा परीक्षण चार्टर्ड अकाउंटेंट फर्म द्वारा संपन्न किया गया है और लेखा परीक्षकों द्वारा बैंक के अंतिम लेखा परीक्षित वित्तीय विवरण जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लेखा परीक्षित वित्तीय परिणाम बैंक की सुदृढ़ वित्तीय स्थिति, निरंतर लाभप्रदता, मजबूत पूंजी आधार तथा उत्कृष्ट परिसंपत्ति गुणवत्ता को प्रतिबिंबित करते हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान बैंक ने सभी वैधानिक एवं नियामकीय प्रावधानों के उपरांत 21.58 करोड़ का शुद्ध लाभ अर्जित किया है और जमा, ऋण, नेटवर्थ एवं कुल व्यवसाय के प्रमुख मानकों पर संतोषजनक वृद्धि दर्ज की है। बैंक ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 21.58 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया, जबकि पिछले वर्ष यह 20.02 रुपये करोड़ था। इस प्रकार शुद्ध लाभ में 1.56 करोड़ रुपये (7.78 प्रतिशत) की वृद्धि दर्ज की गई। यह लाभ सभी वैधानिक, नियामकीय एवं सावधानीपूर्ण प्रावधानों के उपरांत अर्जित किया गया है। बैंक का कुल व्यवसाय (जमा एवं ऋण) बढ़कर 2,262.11 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष 2,139.21 रुपये करोड़ था। इस प्रकार कुल व्यवसाय में 5.75 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। कहा कि बैंक की कुल जमा राशि 1,427.78 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,517.63 करोड़ हो गई, जो 89.85 करोड़ की वृद्धि को दर्शाती है। बैंक के ऋण एवं अग्रिम 711.43 करोड़ रुपये से बढ़कर 744.48 करोड़ रुपये हो गए, जिसमें 33.05 करोड़ रुपये (4.65 प्रतिशत) की वृद्धि दर्ज की गई।